ब्रेकिंग

पंचायती राज चुनावों को लेकर उदयपुर में संभागीय संगठनात्मक बैठक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया जीत का मंत्र

IMG-20260926-WA0075

आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की संभागीय संगठनात्मक बैठक शनिवार को उदयपुर स्थित रूपीज़ रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए राजसमन्द, उदयपुर शहर, उदयपुर देहात एवं चित्तौड़गढ़ जिलों के जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों एवं आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि बैठक में भाजपा राजसमन्द जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल के नेतृत्व में राजसमन्द जिले के सभी जिला पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने सहित विभिन्न विषयों पर मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण एवं संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। आगामी पंचायती राज चुनावों में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटना होगा।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता के लिए राजसमन्द, उदयपुर शहर, उदयपुर देहात एवं चित्तौड़गढ़ जिलों के जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में कार्यकर्ताओं ने जिस एकजुटता और मेहनत के साथ संगठन को मजबूती प्रदान की, वह आगामी पंचायती राज चुनावों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इसी ऊर्जा और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि गांव और ढाणी तक संगठन की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आमजन से निरंतर संवाद स्थापित किया जाए। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ उनके वास्तविक लाभ को सुनिश्चित करने में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। पंचायत चुनाव केवल चुनावी कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव के विकास और जनसेवा से सीधे जुड़ा विषय है।

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से बूथ प्रबंधन, पंचायत स्तर पर संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं की जानकारी लेकर प्रभावी रणनीति बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर जिलेवार संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को पूरी ऊर्जा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने राजसमन्द जिले की संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर जिले की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

बैठक में राजसमन्द जिले के जिला पदाधिकारियों सहित उदयपुर शहर, उदयपुर देहात एवं चित्तौड़गढ़ के जिला पदाधिकारी एवं संगठन के अन्य जिम्मेदार कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *