ब्रेकिंग

आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों और कार्यकर्ताओं से संवाद, कुम्भलगढ़ में देसूरी की नाल परियोजना की समीक्षा, वृद्धजनों से की आत्मीय मुलाकात

WhatsApp-Image-2026-09-26-at-5.25.46-PM

सेवा संकल्प अभियान के तहत राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सेवा, विकास, सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर संवाद किया। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम से की, इसके बाद कुम्भलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में देसूरी की नाल का अधिकारियों के साथ दौरा कर प्रस्तावित विकास एवं उन्नयन कार्य की जानकारी ली तथा दिन के अंतिम चरण में नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने नाथद्वारा क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया और बच्चों के साथ समय बिताकर उनसे संवाद किया। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों तथा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं से भी विस्तृत चर्चा की और गर्भवती महिलाओं तथा माताओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सांसद ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और उसके स्कूल में प्रवेश तक उसके स्वस्थ विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण, नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा सहित आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली इन महिलाओं की भूमिका समाज के स्वस्थ और मजबूत भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण है।

इसके पश्चात सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कुम्भलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्थित देसूरी की नाल का अधिकारियों के साथ दौरा किया और राजमार्ग संख्या 162E (पाली–नाडोल–देसूरी–चारभुजा) के विकास एवं उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “देसूरी की नाल केवल एक सड़क नहीं, बल्कि मेवाड़ और मारवाड़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके विकास और उन्नयन की लंबे समय से आवश्यकता रही है। इसका समाधान ऐसा होना चाहिए जिससे यातायात सुरक्षित और सुगम बने और साथ ही मेवाड़ की प्राकृतिक विरासत एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।”

अधिकारियों ने सांसद को जानकारी दी कि राजमार्ग संख्या 162E के विकास एवं उन्नयन के लिए सभी बाईपास तथा देसूरी की नाल के लिए विभिन्न Alignment Options तैयार कर 19 फरवरी 2026 को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली को स्वीकृति हेतु भेजे जा चुके हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव क्षेत्र से संबंधित आवश्यक Wildlife Clearance/NOC की प्रक्रिया के संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है तथा प्रस्ताव तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए हैं। National Board for Wildlife (NBWL) की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव को निर्धारित पर्यावरणीय एवं वन्यजीव मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। साथ ही, वर्ष 2026-27 की वार्षिक योजना में निर्माण कार्य की स्वीकृति हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्ताव की अनुशंसा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजी गई है।

सांसद ने दीर्घकालीन समाधान के साथ-साथ देसूरी की नाल में तत्काल सड़क सुरक्षा उपायों पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने दुर्घटना संभावित पंजाब मोड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी जागरूकता एवं चेतावनी संकेतक लगाने, वाहन चालकों को मार्ग की संवेदनशीलता के संबंध में पर्याप्त जानकारी देने तथा देसूरी की नाल के प्रारंभ और अंतिम छोर पर चेक पोस्ट अथवा निगरानी व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस एवं तकनीकी स्थिति की जांच के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।

इसके बाद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पुनः नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने वरिष्ठजनों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली तथा उनके साथ समय बिताया। सांसद ने कहा कि समाज के विकास के साथ-साथ हमारे वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, उनकी देखभाल और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *