राजसमंद जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में सोमवार को डीओआईटी वीसी कक्ष में सम्पर्क पोर्टल एवं सीपी ग्राम से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसडीएम बृजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम सहित सभी उपखंड स्तरीय कार्मिक वीसी के माध्यम से जुड़े।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल और सीपीग्राम पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को पेयजल व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा पीएचईडी के साथ बैठक कर पिछले वर्षों में जहां अधिक समस्याएं सामने आई थीं, वहां विशेष ध्यान देते हुए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नाथद्वारा नगर पालिका के कार्यवाहक आयुक्त को अतिक्रमण के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण किसी का भी हो, उसे हटाया जाना चाहिए। साथ ही वृक्षारोपण के लिए आरक्षित भूमि का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने एसडीएम रेलमगरा, भीम, देवगढ़, आमेट और कुंभलगढ़ से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। एसडीएम रेलमगरा से ग्राम अरड़किया में समर कंटीजेंसी कार्यों की जानकारी भी ली गई। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि वे नियमित समीक्षा करें तथा प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित कर आमजन को इसकी जानकारी दें। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा।
पेयजल गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए, फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया जाए तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई कर उसकी तिथि अंकित की जाए। साथ ही क्लोरीनेशन की व्यवस्था सुनिश्चित कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू है तथा एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाए। आमजन से भी अपील की गई कि वे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन कार्रवाई के लिए सभी नायब तहसीलदारों को जिला रसद अधिकारी के अधिकार प्रदान किए गए हैं।
जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को टोटल प्रोडक्टिव मैनेजमेंट के तहत सभी हैंडपंपों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशील स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनएफएसए से संबंधित लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने, सीएमएचओ को यूडीआईडी कार्ड की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत करने तथा सीपीओ संजय शर्मा से संपूर्णता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागों को लंबित बिजली बिल समय पर जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।

