राजसमंद में होली और गणगौर के पावन पर्व की धूम मची हुई है। इसी कड़ी में आज नगर क्षेत्र में महिला मंडल द्वारा एक भव्य गणगौर उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने शिरकत की और मातृशक्ति के साथ इस उत्सव का आनंद लिया।
राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी आज नगर क्षेत्र के गणगौर उत्सव में पहुंचीं, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण आस्था और उल्लास के रंगों में सराबोर नजर आया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने लोकगीतों की मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

विधायक माहेश्वरी ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गणगौर का पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नारी सम्मान और पारिवारिक एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं, बल्कि हमारी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का भी सशक्त माध्यम हैं।
उत्सव में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हर किसी का मन मोह लिया। विधायक ने महिला मंडल की सभी सदस्यों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और उनके आत्मीय स्नेह व आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
