राजसमंद जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक, कांकरोली के जेके मोड़ पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की बालकनी की पट्टियां अचानक टूटकर नीचे गिर गईं। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बालकनी के नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसा कांकरोली के हृदय स्थल जेके मोड़ का है। यहां स्थित एक पुराने मकान की बालकनी की पट्टियां अचानक भरभरा कर सड़क पर आ गिरीं। पट्टियां गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
गनीमत रही कि जिस वक्त पट्टियां गिरीं, उस समय नीचे से कोई वाहन या व्यक्ति नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से टल गई। हालांकि, मलबे के सड़क पर गिरने और लोगों की भीड़ जमा होने के कारण जेके मोड़ पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने व्यस्त इलाकों में स्थित जर्जर निर्माणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और मकान मालिकों को समय रहते ऐसे खतरों को भांपने की जरूरत है ताकि भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके।
