जिला परिषद राजसमंद के निर्देशन में ग्राम पंचायत गोगाथला में जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत के भारत निर्माण सेवा केंद्र पर प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत एक विशेष पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता प्रशासक छोगालाल सालवी द्वारा की गई, जबकि मुख्य आतिथ्य शिविर प्रभारी गिरिराज आगाल का रहा। इस दौरान 18 से 40 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र महिला एवं पुरुषों के पेंशन हेतु ऑनलाइन पंजीयन किए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थी महिलाओं का ऊपरना ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
प्रशासक छोगालाल सालवी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए यह योजना भविष्य की एक बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने आह्वान किया कि ग्राम पंचायत के अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति अपना पंजीयन कराएं ताकि वृद्धावस्था में उन्हें भविष्य निधि और सुरक्षित जीवन का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी रवि कुमार बोहरा, कनिष्ठ सहायक लक्ष्मण कुमावत, ई-मित्र संचालक शिवलाल कुमावत और सामाजिक कार्यकर्ता बंशीलाल खटीक मौजूद रहे। साथ ही वार्ड पंच नर्मदा देवी, लक्ष्मण किर, महेंद्र दास वैष्णव, बद्रीलाल गाडरी, महिला सुरक्षा सखी लीलाबाई कुमावत, नानी बाई वैष्णव, शांतिलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।
