ब्रेकिंग

राजसमन्द विधायक ने किया कृषि सभागार का उद्घाटन राज्य सरकार किसानों के सर्वांगींण कल्याण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध, जन-जन तक पहुंचे योजनाएं :विधायक माहेश्वरी

169275

कृषि विभाग के नवनिर्मित कृषि सभागार का उद्घाटन बुधवार को राजसमन्द विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक के आगमन पर कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। 

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और वे आत्मनिर्भर बन सकें।

मुख्य अतिथि विधायक माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों के आत्मनिर्भर बनने से ही प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे, ताकि कोई भी किसान वंचित न रहे।

विधायक ने नवनिर्मित कृषि सभागार को किसानों के लिए ज्ञान और नवाचार का केंद्र बताते हुए कहा कि यहां आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे इस सभागार का अधिकतम उपयोग करते हुए अपनी कृषि पद्धतियों में सुधार लाएं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक उद्यान कल्प वर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कृषि सभागार के निर्माण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सभागार किसानों के लिए प्रशिक्षण, संवाद और नई तकनीकों के आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक रूप से सम्मान भी किया गया।

उप निदेशक उद्यान कल्प वर्मा ने अपने संबोधन में राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और अर्जित उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने, उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि, कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से परियोजना निदेशक आत्मा संतोष कुमार दुरिया, सहायक निदेशक उद्यान प्रवीण गुप्ता, सहायक निदेशक कृषि अर्जुन जाट, शिवप्रकाश, कृषि अधिकारी रोशनलाल डांगी, सांख्यिकी अधिकारी नीरज पाटिदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही कृषि पर्यवेक्षक संगठन के पदाधिकारी एवं स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *