ब्रेकिंग

जनगणना-2027: कलक्टर ने स्व-गणना में लिया भाग, दर्ज की अपने मकान जानकारी, दिए सभी प्रश्नों के उत्तर

330935

जनगणना-2027 के तहत जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने एसई पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की और जिले में इस अभियान को गति प्रदान की।

हसीजा ने बताया कि स्व-गणना नागरिकों को एक सशक्त माध्यम उपलब्ध कराती है, जिसके जरिए वे बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से की जा रही यह व्यवस्था न केवल प्रक्रिया को सरल बनाती है, बल्कि आंकड़ों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को भी सुनिश्चित करती है। 

उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर 15 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी स्व-गणना पूर्ण करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना के बाद अगला चरण क्षेत्रीय सत्यापन का होगा, जिसमें 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर विवरण की पुष्टि करेंगे। इस दौरान नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करना होगा, ताकि एकत्रित आंकड़े पूर्णतः सटीक और प्रमाणिक बन सकें। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा पूर्व में दर्ज जानकारी से प्रगणकों का कार्य भी सरल होगा और समय की बचत होगी।

जिला कलक्टर ने जनगणना को विकास योजनाओं की आधारशिला बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन-प्रशासन को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाएं तैयार करने में मार्गदर्शन देते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी के साथ सही एवं संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए आमजन को जागरूक किया जाए और उन्हें किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियात्मक कठिनाई होने पर त्वरित सहायता प्रदान की जाए। स्व-गणना के दौरान एसडीएम बृजेश गुप्ता, उप जिला जनगणना अधिकारी पीयूष भण्डारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी आरती सोनी, मास्टर ट्रेनर राजेन्द्र सिंह चारण, पंकज साल्वी आदि मौजूद रहे। 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *