ब्रेकिंग

थुरावड़ में ग्राम रथ के साथ लगी रात्रि चौपाल, कलक्टर ने सुनी जन समस्याएं

330925

कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत थुरावड़ में ग्राम रथ अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह के साथ ग्राम रथ का स्वागत किया और बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि चौपाल का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा प्रत्येक प्रकरण का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से लें और योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ग्राम रथ के माध्यम से विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने योजनाओं से संबंधित आवेदन भी तैयार कराए, जिससे ग्रामीणों को मौके पर ही लाभान्वित होने की प्रक्रिया प्रारंभ हो सकी।

जिला कलक्टर ने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाना और पात्र व्यक्तियों को सीधे लाभ से जोड़ना है। इसके माध्यम से शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाएं तथा प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, उपखंड अधिकारी साक्षी पुरी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *