ब्रेकिंग

आकांक्षी एवं गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

476547

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में सोमवार सुबह जिले के भीम एवं कुम्भलगढ़ ब्लॉकों में संचालित आकांक्षी विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत सरकार के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित भीम ब्लॉक तथा राज्य सरकार की गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के अंतर्गत चयनित कुम्भलगढ़ ब्लॉक में विभिन्न विकास संकेतकों की उपलब्धियों एवं प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी वीसी कक्ष में मौजूद रहे, तो वहीं भीम और कुंभलगढ़ के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े। 

बैठक में कलक्टर हसीजा ने स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र के विभिन्न संकेतकों की समीक्षा करते हुए प्रथम तिमाही में एंटीनेटल केयर (एएनसी) के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के प्रतिशत, संस्थागत प्रसव के प्रतिशत, कम वजन वाले नवजात शिशुओं की संख्या, नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (एनक्यूएएस) प्रमाणित स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की जांच कराने वाले व्यक्तियों के प्रतिशत तथा टीबी रोगियों के सफल उपचार संबंधी उपलब्धियों का आकलन किया गया। इसके साथ ही आईसीडीएस कार्यक्रम के तहत नियमित पूरक पोषण प्राप्त करने वाली गर्भवती महिलाओं एवं छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की स्थिति, आंगनवाड़ी केन्द्रों में नामांकित बच्चों की माप दक्षता तथा गंभीर कुपोषण (एसएएम) से प्रभावित बच्चों के प्रतिशत की भी समीक्षा की गई।

शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात, बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधाओं की उपलब्धता, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शिक्षण हेतु प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता तथा माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के प्रतिशत का विश्लेषण किया गया।

बैठक में कलक्टर द्वारा अवसंरचना एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े संकेतकों की भी समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत ब्लॉक के कुल परिवारों के मुकाबले क्रियाशील नल जल कनेक्शन (एफएचटीसी) की उपलब्धता, ओडीएफ प्लस घोषित गांवों का प्रतिशत तथा भारतनेट से जुड़े ग्राम पंचायतों में सक्रिय कनेक्टिविटी की स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही बैंक शाखा, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक केन्द्रों सहित उपलब्ध बैंकिंग टच प्वाइंट्स की संख्या का भी मूल्यांकन किया गया।

अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाएं :कलक्टर 

सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा करते हुए स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध कराए गए रिवॉल्विंग फंड की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग निर्धारित संकेतकों के अनुरूप कार्य करते हुए उपलब्धियों में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें तथा योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करें।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा संकेतकों में सुधार के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के दौरान विकास कार्यों में आने वाली चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान हेतु आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए गए।

ये हैं दोनों आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम:

सीपीओ संजय शर्मा ने बताया कि नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत भीम ब्लॉक का चयन किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शासन व्यवस्था में सुधार करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास के क्षेत्रों में तेजी से प्रगति सुनिश्चित करना है। वहीं राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2025-26 की अनुपालना में प्रारम्भ की गई गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के अंतर्गत कुम्भलगढ़ ब्लॉक का चयन किया गया है, जिसका उद्देश्य पिछड़े एवं अल्प विकसित क्षेत्रों का समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित करना है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *