ब्रेकिंग

आरयूआईडीपी के प्रस्तावित विकास कार्यों पर आमेट में जनसंवाद आयोजित

709604

राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत आमेट नगर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को पंचायत समिति सभागार, आमेट में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी साझा करना तथा जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से सुझाव प्राप्त कर विकास कार्यों को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाना रहा।

कार्यक्रम में तहसीलदार ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि विकास कार्यों की सफलता जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से नगर के समग्र विकास के लिए रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया।

आरयूआईडीपी के अधिकारियों ने बताया कि आमेट नगर के लिए लगभग 9.95 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें वेस्ट वाटर प्रबंधन, शहरी यातायात सुधार, बाढ़ प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था, विरासत संरक्षण, पर्यटन विकास तथा कमांड सेंटर सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से नगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

जनसंवाद के दौरान नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए नगर के विकास से संबंधित विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें कार्ययोजना में समुचित रूप से शामिल करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता ने उपस्थितजनों को प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विकास कार्यों का क्रियान्वयन चरणबद्ध एवं योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों का तकनीकी परीक्षण कर उन्हें परियोजना में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नगर की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आमेट नगर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए आयोजित इस जनसंवाद की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनभागीदारी आधारित विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर बल दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *