ब्रेकिंग

अवैध मत्स्याखेट पर आमेट के मनोहर सागर तालाब पर कार्रवाई नाव, चप्पू व जाल जब्त, जिलेभर में अभियान जारी

203693-1

राजसमन्द जिले के आमेट क्षेत्र स्थित मनोहर सागर तालाब पर अवैध मत्स्याखेट के विरुद्ध मत्स्य विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए निरीक्षण दल ने दो नाव, चार चप्पू एवं 40 फसला जाल जब्त किए। यह कार्रवाई विभाग द्वारा गठित निरीक्षण दल के नेतृत्व में नियमानुसार की गई।

जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. शीतल नरूका ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तालाब क्षेत्र में मत्स्य नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित पाई गईं, जिस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से प्रयुक्त सामग्री को जब्त किया गया। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि अवैध मत्स्याखेट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार वर्तमान में पंचायतीराज संस्थाओं से जिले के समस्त जलाशय मत्स्य विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही जिले के ऐसे सभी जलाशय, जहां मत्स्य पालन की प्रबल संभावना है, उनके वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित दोहन के लिए मत्स्य ठेके की कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है। इससे एक ओर जहां स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार के राजस्व में भी वृद्धि सुनिश्चित हो रही है।

मत्स्य विभाग द्वारा जलाशयों के संरक्षण एवं मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को प्राथमिकता देते हुए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। जिला स्तर पर विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां अवैध मत्स्याखेट की संभावना अधिक रहती है। इन क्षेत्रों में निरंतर गश्त एवं निगरानी के साथ-साथ समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। साथ ही संबंधित व्यक्तियों को नियमों की जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि वे वैधानिक प्रक्रिया के तहत ही मत्स्याखेट करें।

विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे अवैध मत्स्याखेट की गतिविधियों की सूचना विभाग को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सामूहिक सहयोग से ही मत्स्य संसाधनों का संरक्षण संभव है और इससे दीर्घकाल में आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *