सरकार की बजट घोषणा के अनुसरण में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक जिला एक खेल’ पहल के तहत राजसमंद जिले में हॉकी खेल का 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला प्रशासन एवं जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर 7 मार्च से 27 मार्च 2026 तक जिला खेल स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर आयोजित किया गया।

जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह के अनुसार शिविर में जिलेभर से चयनित 140 बालक एवं बालिकाओं ने भाग लेकर हॉकी खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य जिले में हॉकी खेल को प्रोत्साहित करना, प्रतिभाओं की पहचान करना तथा उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा।
समापन समारोह में उपखंड अधिकारी राजसमंद बृजेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं पूर्व ओलंपियन खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद ने की। समारोह में पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी भूपेंद्र सिंह एवं राजस्थान हॉकी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश पालीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्रतिदिन आधुनिक तकनीकों, खेल कौशल एवं फिटनेस से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक दलजिंदर सिंह तथा अशोक ध्यानचंद द्वारा खिलाड़ियों को उन्नत स्तर का मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर हॉकी खेल से जुड़े शारीरिक शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिससे प्रशिक्षण को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सका।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे अशोक ध्यानचंद ने कहा कि खेल में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं जुनून अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि बृजेश गुप्ता ने कहा कि ‘एक जिला एक खेल’ योजना खिलाड़ियों के विकास के लिए मजबूत आधार सिद्ध होगी तथा इससे प्रदेश में खेलों का स्तर और बेहतर होगा।
जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह ने खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा खेल क्षेत्र में उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों एवं राजकीय सेवाओं में मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी लगन एवं समर्पण के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एवं सेवानिवृत्त सूबेदार राकेश कुमार सहारण के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनों ने दिवंगत खिलाड़ी के खेल क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
शिविर के सफल आयोजन से जिले में हॉकी खेल के प्रति उत्साह में वृद्धि हुई है तथा आने वाले समय में इससे नई प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है, ताकि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सके।
