राजसमन्द जिले के सरदारगढ़ गांव में कोयले के भट्ठों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही सूचना पर आमेट और राजसमंद से दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। बिजली गुल होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घने अंधेरे के बावजूद, दमकलकर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मोर्चा संभाला।

वाहन चालक आकाश माली, और फायरमैन प्रकाश रैगर, दिनेश रैगर व उत्तम बैरवा ने अदम्य साहस का परिचय दिया। इन जांबाज दमकलकर्मियों ने करीब 4 घंटे की भारी मशक्कत और कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

इस भीषण अग्निकांड में कुल 12 कोयला भट्ठियां जलकर पूरी तरह से राख हो गईं, जिससे भारी नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए भट्ठों के पास रखी करीब 150 ट्रॉली लकड़ी को आग की चपेट में आने से सुरक्षित बचा लिया।
