राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र से आज एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ देवगढ़-भीलवाड़ा मार्ग पर लसानी चौराहे के पास दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
हादसा उस वक्त हुआ जब देवगढ़ निवासी मुरली छापरवाल एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुरली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दौलपुरा निवासी धनराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी मुकेश चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। इधर, अस्पताल में जुटी भीड़ और परिजनों ने दूसरे बाइक सवार धनराज सिंह पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जाँच और घायल का मेडिकल टेस्ट कराने की पुरजोर माँग की है
पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है।
