राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन को नागरिक सेवाएं सुगमता, पारदर्शिता एवं त्वरित गति से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक नगर पालिका देवगढ़ क्षेत्र में आयोजित शहरी सेवा शिविरों का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविरों के माध्यम से एकल खिड़की व्यवस्था के तहत नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

शिविरों के दौरान विभिन्न प्रकार के पट्टों के कुल 193 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 प्रकरणों का अनुमोदन कर पट्टे जारी किए गए। अपंजीकृत पट्टों को पुनर्वैध कर पंजीकरण कराने के लिए प्राप्त 31 आवेदनों में से 29 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। बकाया एकमुश्त लीज राशि जमा कर फ्री होल्ड से लीज होल्ड एवं लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए प्राप्त 86 आवेदनों में से 62 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
भवन निर्माण एवं संपत्ति संबंधी सेवाओं में भवन मानचित्र स्वीकृति के 17 आवेदनों में से 13 स्वीकृत किए गए, जबकि निर्माण अवधि विस्तार के 18 आवेदनों में से 16 का निस्तारण किया गया। नामांतरण के 42 आवेदनों में से 38 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा उप-विभाजन एवं संयुक्तिकरण के प्राप्त दोनों आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त यूडी टैक्स के 17 प्रकरणों में से 12 प्रकरण स्वीकृत कर संबंधित राशि जमा कराई गई तथा भू-उपयोग परिवर्तन के 7 प्रकरणों में से 4 का निस्तारण किया गया।
शिविरों के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत भी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। विश्वकर्मा पेंशन योजना के तहत 12 आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 38 लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृति उपरांत संबंधित बैंकों को भेजे गए तथा 15 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 18 पात्र आवेदकों को पीपीओ जारी किए गए।
शिविर के समापन अवसर पर नगर पालिका देवगढ़ के प्रशासक श्री मोहकम सिंह, तहसीलदार श्री सज्जनराम तथा अधिशाषी अधिकारी श्री पिन्टू लाल जाट सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविरों में भाग लेकर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। शिविरों के सफल संचालन पर प्रशासन एवं नगर पालिका ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
