ब्रेकिंग

जिला कलक्टर ने तहसील एवं उप पंजीयक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

620601

राजसमन्द जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने तहसील कार्यालय राजसमंद एवं उप पंजीयक कार्यालय राजसमंद का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हलचल मच गई तथा अधिकारी-कर्मचारी आवश्यक अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं के साथ तत्परता से उपस्थित हुए।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार श्री पुष्पेंद्र सिंह ने जिला कलक्टर को कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कराया। जिला कलक्टर ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के सुरक्षित संधारण की व्यवस्था देखी तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले अभियान फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली तथा राजस्व मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटवारियों द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाए तथा अनावश्यक विलंब नहीं हो।

जिला कलक्टर ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यालयीन अनुशासन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ई-मित्र प्लस मशीन का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकाधिक नागरिकों को इन सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उप पंजीयक कार्यालय में भी जिला कलक्टर ने पंजीयन संबंधी व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण तथा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *