विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा गठित निरीक्षण दल ने जिले में दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत विभिन्न गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार सही माप एवं वजन उपलब्ध कराना रहा।

निरीक्षण दल द्वारा द्वारकेश गैस एजेंसी, बालाजी गैस कांकरोली, शुभम गैस, सरस्वती गैस केलवा, रामकृष्ण गैस पीपरड़ा, सोनल गैस नाथद्वारा तथा चंदेल गैस खमनोर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों पर उपलब्ध वजन बाटों एवं माप उपकरणों की जांच की गई तथा नियमानुसार अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान एक एजेंसी पर वजन बाट सत्यापित नहीं पाए जाने पर 14 हजार रुपए तथा एक अन्य एजेंसी पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण दल द्वारा कुल 142 घरेलू गैस सिलेंडरों का भी औचक रूप से वजन परीक्षण किया गया। जांच में किसी भी सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से कम वजन नहीं पाया गया, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली।
निरीक्षण दल ने गैस एजेंसी संचालकों को सभी माप एवं वजन उपकरणों का समय पर सत्यापन कराने तथा विधिक माप विज्ञान अधिनियम के प्रावधानों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं को सही मात्रा में गैस उपलब्ध कराने तथा माप-तौल संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। निरीक्षण दल में विधिक माप विज्ञान अधिकारी भगवतीलाल पालीवाल एवं राकेश माहेश्वरी शामिल रहे।
