ब्रेकिंग

नशा मुक्ति का संदेश देगी “शिकंजा” लघु फिल्म, हर स्कूल-कॉलेज में होगा प्रसारण

461823

आमजन विशेषकर युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक करने उद्देश्य से गुरुवार सुबह जिला पुलिस, प्रशासन एवं जाह्नवी कला परिषद के तत्वावधान में साउंड ऑफ लाइफ मल्टीमीडिया द्वारा निर्मित की जा रही “शिकंजा” लघु फिल्म का शुभारंभ एवं मुहूर्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने की। इस दौरान एडिशनल एसपी (त्वरित अनुसंधान सेल) बंशीलाल चनिया, पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, एससी/एसटी सेल प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक श्याम सिंह रतनू, पुलिस उपाधीक्षक मुकेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर थाना प्रभारी) दुर्गा प्रसाद दाधीच सहित अन्य अधिकारी, एसपी ऑफिस के कार्मिक आदि मौजूद रहे। समाजसेवी अश्विन बाबरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने फिल्म की शूटिंग का पहला क्लैप कर मुहूर्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता लाने के लिए लघु फिल्मों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा “शिकंजा” जैसी फिल्में युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह लघु फिल्म नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी माध्यम सिद्ध होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने कहा कि नशा सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। इसके विरुद्ध जनजागरण के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न स्तरों पर अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि लघु फिल्म जैसे रचनात्मक माध्यम लोगों तक संदेश पहुंचाने में अत्यंत प्रभावी होते हैं और लघु-फिल्म “शिकंजा” समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक बनेगी। उन्होंने कहा कि फिल्म का प्रसारण प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में किया जाएगा जिससे युवा पीढ़ी को नशे के विरुद्ध जागरूक किया जा सके।

निदेशक मनोज पोरवाड़ ने बताया कि लघु फिल्म का विषय नशे के दुष्परिणामों और उससे बाहर निकलने के संघर्ष पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने जीवन को सही दिशा देने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी अवसर दिया गया है। फिल्म में भावेश अग्रवाल, भावना सोनी, कीर्ति ठाकुर, डॉ. जगदीश जीनगर, लक्षिता चौहान, महेंद्र कुमावत, दिनेश सालवी, संतोष अग्रवाल, फतेह सिंह राव, ममता टेलर, मोनिका पालीवाल, गोविंद सिंह राव, तन्मय, प्रकाश पगड़िया एवं मयंक बागोरा का अभिनय है। फिल्म की फोटोग्राफी शाहिद शाह द्वारा की जा रही है, जबकि कैमरा टीम में दिनेश यादव, रूपेश पालीवाल एवं सुरेश भाट शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रेम शंकर भट्ट ने किया। इस अवसर पर कला, साहित्य, समाजसेवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंत में कलक्टर हसीजा ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *