राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ के न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान एक बड़ी और महत्वपूर्ण कूटनीतिक गतिविधि देखने को मिली है। वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव और महिलाओं की सशक्त भागीदारी के बीच, सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी. हरीश और उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की है।

न्यूयॉर्क में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान विभिन्न समसामयिक वैश्विक मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और दुनिया में भारत की बढ़ती भूमिका पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय महिलाओं की प्रभावी मौजूदगी न केवल पूरे देश, बल्कि मेवाड़ के लिए भी अत्यंत गौरव की बात है।
सांसद ने वैश्विक शांति, मानवीय गरिमा और संकटों के समाधान में संयुक्त राष्ट्र और उसकी प्रमुख एजेंसियों—जैसे WHO, UNICEF और UNESCO—की सराहनीय भूमिका का जिक्र किया।

इस मुलाकात का सबसे खास पहलू रहा मेवाड़ की ऐतिहासिक धरोहरों का वैश्विक मंच पर प्रमुखता से उठाया जाना। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने चित्तौड़गढ़ और कुंभलगढ़ के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए, इनके संरक्षण और संवर्धन में UNESCO के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि मेवाड़ की इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक के समापन पर, सांसद ने संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आयोजित आतिथ्य एवं रात्रिभोज के लिए राजदूत पी. हरीश और योजना पटेल का आभार व्यक्त किया। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मेवाड़ के इस गौरवशाली प्रतिनिधित्व की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है।
