राजसमंद की राजनीति में इस वक्त एक बड़ा राजनीतिक भूचाल देखने को मिल रहा है। कुमावत समाज की जिला महापंचायत में राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सम्मान और आगामी स्थानीय चुनावों को लेकर एक ऐसा फैसला लिया गया है, जिसने क्षेत्र के दिग्गज नेताओं के होश उड़ा दिए हैं।
महापंचायत में भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से दूरी बनाने से लेकर कई बड़े नेताओं के सामाजिक बहिष्कार और चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवार उतारने की गुप्त रणनीति पर सहमति बनी है।

आखिर क्या है कुमावत समाज की यह नई रणनीति और क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला? देखिए हमारी यह विशेष रिपोर्ट
राजसमंद में सोमवार को आयोजित कुमावत समाज की जिला महापंचायत में समाज के वरिष्ठ पंच-पटेलों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और चारों चौकियों के प्रतिनिधियों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। मंच से वक्ताओं ने समाज की उपेक्षा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी बात रखी।

लंबी चर्चा के बाद महापंचायत में 5 बड़े और कड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, जिसके बाद क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।
प्रस्ताव 1: भाजपा एवं कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से सामाजिक दूरी बनाने का निर्णय।
प्रस्ताव 2: भाजपा विधायक दीप्ति माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, आदित्य प्रताप सिंह और कांग्रेस पदाधिकारियों के सामाजिक बहिष्कार का फैसला।
प्रस्ताव 3: आगामी स्थानीय चुनावों में किसी भी पार्टी से टिकट न लेकर केवल समाज समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतारने की रणनीति।
प्रस्ताव 4: राजनीतिक फैसलों में कड़ा सामाजिक अनुशासन; दोनों प्रमुख दलों के पदाधिकारियों के साथ सक्रिय जुड़ाव पर सख्त रुख।
प्रस्ताव 5: समाज की एकजुटता, सम्मान और स्थानीय चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व को सर्वोपरि रखने का सामूहिक संकल्प।

मामले की जानकारी देते हुए कुमावत समाज के मीडिया प्रभारी नरेश कुमावत ने बताया कि महापंचायत में समाज के हर वर्ग ने खुलकर अपने विचार रखे। उन्होंने साफ कहा कि राजनीतिक दल अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन समाज का हित और एकजुटता सबसे ऊपर रहनी चाहिए। आगामी चुनावों में अब समाज अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर खुद निर्णय लेगा।
इस ऐतिहासिक महापंचायत में ‘रूणपंछोर चौकी संस्थान’ के अध्यक्ष सुंदर दोराया, महामंत्री सुंदर सिंनवाल, कोषाध्यक्ष मोहनलाल माननिया, बनास चौकी अध्यक्ष सीताराम कुमावत, बामणिया चौकी अध्यक्ष कालू सिरोटा, मदारिया चौकी अध्यक्ष रामलाल और काबरी महादेव चौकी अध्यक्ष मांगीलाल सहित 84 गांवों के पंच-पटेल व भारी संख्या में युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के मंच का संचालन डालचंद्र कुमावत ने किया।
