ब्रेकिंग

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंची जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी : विधायक श्री राठौड़

384063-8

कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारभुजा-गढ़बोर में ग्राम विकास रथ अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कुंभलगढ़ विधायक श्री सुरेंद्र सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के जयपुर जिले के ठिकरिया गांव से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने वर्चुअल माध्यम से सुना।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, डीसीएफ डॉ. आर.एन. भाकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसडीएम साक्षी पुरी, विकास अधिकारी मांगीलाल रेगर सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक एवं ग्राम स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान, मजदूर, युवा एवं महिला उत्थान के लिए कृत संकल्पित हैं तथा राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप बनाकर पानी, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में प्राथमिकता से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल से प्रारंभ हुए ग्राम रथ अभियान के माध्यम से प्रदेश की 183 विधानसभा क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में अच्छी मानसूनी वर्षा के कारण प्रदेश के बांधों में पर्याप्त जल उपलब्ध हुआ है, जिससे आमजन एवं किसानों को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा वर्तमान में 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने किसानों से पीएम कुसुम योजना का लाभ लेकर अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत हुए एमओयू अब धरातल पर उतर रहे हैं, जिससे निजी क्षेत्र में तीन लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। साथ ही राज्य सरकार चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के संकल्प को भी पूरा कर रही है। 

उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के लिए डबल इंजन सरकार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है तथा स्थानीय उपज को बढ़ावा देने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना हेतु एमओयू किए गए हैं। साथ ही महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के माध्यम से प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ पत्र वितरित किए तथा ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *