राजसमंद विधानसभा क्षेत्र राजसमंद की ग्राम पंचायत धायला में आयोजित ग्राम रथ जनजागरूकता कार्यक्रम में शनिवार राजसमंद विधायक श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी ने सहभागिता कर अभियान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। ग्राम में आगमन पर ग्राम रथ का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, पूर्व प्रधान अरविंद सिंह राठौड़, तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह, विकास अधिकारी भवानी शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती माहेश्वरी ने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पहुँचाना है, और ग्राम रथ अभियान इस दिशा में एक सशक्त एवं प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र एवं संतुलित विकास हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में किसान, युवा, महिला, श्रमिक, पशुपालक तथा वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए विविध योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार लाया जा रहा है। साथ ही आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में गुणात्मक वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
विधायक माहेश्वरी ने कहा कि ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे गांव स्तर तक पहुँच रही है, जिससे जनसामान्य में जागरूकता का विस्तार हो रहा है। यह अभियान केवल सूचना प्रसार तक सीमित नहीं है, अपितु पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने, आवेदन प्रक्रियाओं को सरल बनाने एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी विभागों को समन्वित दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करना होगा।
इस अवसर पर कला जत्था द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का रोचक एवं प्रभावशाली प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह एवं जागरूकता का संचार हुआ। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र भी तैयार किए गए। कई हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समूचे आयोजन के दौरान योजनाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण परिलक्षित हुआ तथा ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।
