राजसमंद ग्राम पंचायत बोरज में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने “ग्राम विकास रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं नई पहल की जानकारी आमजन तक पहुँचाएगा, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक लाभान्वित हो सकें।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। “ग्राम विकास रथ” इस कमी को दूर कर जन जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा और योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएगा।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएँ पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “ग्राम विकास रथ यात्रा” केवल एक प्रचार अभियान नहीं, बल्कि यह ‘अंत्योदय’ की उस भावना को साकार करने का माध्यम है जिसमें विकास का लाभ समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार घोषणाओं तक सीमित रही, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली के साथ जनहित में कार्य कर रही है।


कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि “ग्राम विकास रथ यात्रा” समर्पण और सेवा का प्रतीक है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राजस्थान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
