ब्रेकिंग

ग्रामीण सेवा शिविर में हाथों हाथ समस्याओं का हुआ समाधान, विभिन्न योजनाओं में मौके पर ही मिला लाभ, वर्षों से अटके काम हुए पूरे

530507

राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत सुखार में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को त्वरित सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाया।

सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा खातों के शुद्धिकरण के 14, आपसी सहमति से खातों के विभाजन के 1, राजस्व रिकॉर्ड की प्रतियां उपलब्ध कराने के 37, नामांतरण संबंधी 11 तथा सीमाज्ञान के 4 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। पंचायत राज विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन के 6 प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 9 पात्र व्यक्तियों के व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 8 यूसी भी तैयार की गईं।

कृषि विभाग द्वारा तारबंदी के 2, कृषि यंत्रों के 3 तथा सिंचाई पाइपलाइन के 2 आवेदन ऑनलाइन किए गए। साथ ही किसानों को उड़द एवं मूंग के 15 मिनी किट वितरित किए गए। शिक्षा विभाग द्वारा पालनहार योजना के अंतर्गत 22 बालकों का नवीनीकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 4 तथा मुख्यमंत्री मातृ वंदन योजना के 2 आवेदन प्राप्त किए गए।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत आधार सीडिंग करवाई गई तथा गलत आधार प्रविष्टियों से संबंधित 8 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। आयोजना विभाग द्वारा 2 नए जन आधार कार्ड बनाए गए। आयुर्वेद विभाग ने 44 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया। ऊर्जा विभाग द्वारा त्रुटिपूर्ण मीटर एवं बिल संबंधी 4 शिकायतों का समाधान किया गया।

पशुपालन विभाग द्वारा 60 पशुओं का टीकाकरण, 92 पशुओं को उपचार एवं दवा वितरण, 12 पशुओं का बधियाकरण तथा 126 पशु शेडों में दवा छिड़काव किया गया। मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 2 पॉलिसियां जारी की गईं। सहकारिता विभाग द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि के 20 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा 7 किसान क्रेडिट कार्ड तैयार कर किसानों को कुल 4 लाख 48 हजार 69 रुपए के ऋण वितरित किए गए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 90 रोगियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवा वितरण किया गया। 74 व्यक्तियों की बीपी एवं शुगर जांच तथा 12 मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। एक पोषण किट का वितरण भी किया गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा 2 हैंडपंपों की मरम्मत करवाई गई।

20 वर्ष बाद नाम हुआ सही, एजी हीमा ने जताया आभार

शिविर में ग्राम निवासी एजी हीमा ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जानकारी के अभाव में उन्होंने पूर्व में कभी आवेदन नहीं किया था। शिविर के दौरान बब्बर सिंह द्वारा मामला प्रशासन के संज्ञान में लाने पर उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार मौके पर ही आवेदन तैयार कर जांच उपरांत उसका निस्तारण किया गया। लगभग 20 वर्षों बाद रिकॉर्ड में नाम सही होने पर एजी हीमा ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वह विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेगी।

शिविर में ग्राम विकास अधिकारी मनोहर मीणा, रामावतार यादव, राजस्व निरीक्षक सुनील पालीवाल, पटवारी अशोक कुमार, जयपाल सिंह सोलंकी, कार्यालय अधीक्षक महिपाल सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी चुनाराम करड़, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. समंदर शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी मथुरालाल कुमावत, कृषि पर्यवेक्षक लोकेश मीणा, पशुधन सहायक गोविंद यादव, कनिष्ठ अभियंता विमल किशोर वर्मा, वनरक्षक चेतन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *