ब्रेकिंग

ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को मिल रहा त्वरित राहत एवं योजनाओं का लाभ

641413

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सरदारगढ़ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटि के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे एक परिवादी की समस्या का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की गई।

शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार सरदारगढ़ श्री द्वारकाधीश शर्मा के समक्ष ग्राम सरदारगढ़ निवासी श्री सज्जन सिंह ने परिवाद प्रस्तुत कर बताया कि उनकी जमाबंदी में पिता के नाम संबंधी त्रुटि दर्ज होने के कारण वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेखों में तकनीकी त्रुटि के चलते डीबीटी आधारित योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो रहा है।

परिवाद प्राप्त होते ही शिविर प्रभारी ने संबंधित राजस्व अभिलेख तत्काल मंगवाकर प्रकरण की जांच करवाई। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मौके पर ही शुद्धिपत्र तैयार कराया गया तथा राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन की कार्रवाई संपादित कर नवीन जमाबंदी की प्रमाणित नकल जारी की गई। समस्या के त्वरित समाधान से परिवादी को तत्काल राहत मिली।

समस्या के समाधान पर श्री सज्जन सिंह ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो रहा है।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में लगभग 150 ग्रामीणों ने विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *