ब्रेकिंग

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर निकली भव्य तिरंगा प्रभात फेरी

722300

 हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को जिला मुख्यालय राजसमंद में भव्य तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। बालकृष्ण स्टेडियम से प्रारंभ हुई तिरंगा प्रभात फेरी गांधी सेवा सदन, सिविल लाइंस होते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रभात फेरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

प्रभात फेरी में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीचा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, नगर परिषद आयुक्त विजयेश मंत्री, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, जिला खेल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, सहित पुलिसकर्मी, छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं अन्य लोग शामिल हुए। विभिन्न वर्गों की सहभागिता से प्रभात फेरी ने एकता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

प्रभात फेरी के दौरान पूरा राजसमंद शहर हर घर तिरंगा अभियान की भावना में रंगा नजर आया। मार्ग में देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंजायमान रहा और हाथों में तिरंगा लिए लोगों में उत्साह एवं उमंग दिखाई दी। शहरवासियों ने भी प्रभात फेरी का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति अपनी सहभागिता एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीचा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र के प्रति गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा को बनाए रखते हुए इस अभियान में सहभागिता करनी चाहिए।

प्रभात फेरी के माध्यम से आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया गया। आयोजन में युवाओं, विद्यार्थियों एवं विभिन्न विभागों के कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य एवं प्रभावशाली बना दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *