हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी से प्रारंभ हुई तिरंगा वाहन रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक एवं उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह, आर के जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ रमेश रजक आदि मौजूद रहे।

वाहन रैली में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की सहभागिता रही, वहीं अन्य विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। तिरंगा वाहन रैली में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर, ऑटो, मोटरसाइकिल, कार सहित विभिन्न प्रकार के वाहन शामिल रहे। वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से लहराता नजर आया। रैली के दौरान देशभक्ति के गीतों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते वाहन और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। रैली के दौरान शहरवासियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और राजसमंद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर तिरंगा वाहन रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप उद्यान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में शामिल लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। रैली के माध्यम से आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस आयोजन ने नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने अभियान के प्रति जिलेवासियों के उत्साह और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
