ब्रेकिंग

जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में ई-सेवा केंद्र एवं आधुनिक शौचालयों का लोकार्पण

683115

जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, राजसमंद में गुरुवार को ई-सेवा केंद्र एवं नवनिर्मित आधुनिक शौचालयों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अलका शर्मा ने फीता काटकर जनसुविधाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अलका शर्मा ने कहा कि न्यायालय में आने वाले पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका (सिविल) संख्या 538/2023 ‘राजीव कलिता बनाम भारत संघ एवं अन्य’ में पारित निर्देशों की अनुपालना में न्यायालय परिसर में आधुनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इन सुविधाओं के विकसित होने से न्यायालय परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण सुनिश्चित होगा तथा विशेष रूप से दूरदराज से आने वाले पक्षकारों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर में स्थापित ई-सेवा केंद्र के माध्यम से आमजन को न्यायालयीन प्रकरणों से संबंधित जानकारी, ई-पेमेंट, न्यायालय से जुड़े मोबाइल एप की जानकारी सहित अन्य तकनीकी सेवाएं सरल एवं त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे न्यायिक सेवाओं तक नागरिकों की पहुंच और अधिक सुगम बनेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों ने न्यायालय परिसर में विकसित इन जनोपयोगी सुविधाओं का स्वागत करते हुए इसे न्यायिक व्यवस्था को अधिक नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन, राजसमंद के अध्यक्ष श्री जयदेव कृष्णा, प्रोटोकॉल एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री भैरवराम पालीवाल, वरिष्ठ मुंसरिम श्रीमती चंद्रप्रभा पालीवाल, न्यायालय प्रबंधक श्री दीपक शर्मा तथा सिस्टम ऑफिसर श्री मनीष जैन सहित न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *