रविवार का दिन राजसमंद जिले के लिए ऐतिहासिक होगा। जिले को एक साथ 436 करोड़ के विकास कार्यों और परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 2 अगस्त 2026 (रविवार) को जिला मुख्यालय स्थित 100 फीट मार्ग पर भिक्षु निलयम में आयोजित मुख्य समारोह में जिले को लगभग 436 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।

इस अवसर पर वे 313.95 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 263 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 122.40 करोड़ रुपये की लागत से 81 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा दोपहर 12:30 बजे भिक्षु निलयम पहुंचकर मुख्य समारोह में भाग लेंगे। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण करेंगे।
मुख्य समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री भिक्षु निलयम में ही आयोजित “कर्तव्य पथ संवाद : नेतृत्व व निष्ठा का मिलन” कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व एवं पश्चात वे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा आगमन-प्रस्थान करेंगे।
