राजसमन्द जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में संपर्क पोर्टल, ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों, मानसून पूर्व तैयारियों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखण्ड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला कलेक्टर श्री हसीजा ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग जीरो पेंडेंसी के लक्ष्य के साथ कार्य करें। उन्होंने भारत सरकार के सीपी ग्राम्स पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को भी संपर्क पोर्टल की भांति गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा अधिकाधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को नियमित रूप से शिविरों का निरीक्षण करने तथा निरीक्षण रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकाय अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में नालों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं की समय रहते प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में गत वर्षों में जलभराव अथवा अन्य समस्याएं सामने आई हैं, वहां विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को पूर्व से ही उपलब्ध कराया जाए ताकि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बेरवा ने बताया कि एक जुलाई से वीबीजीरामजी प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक जुलाई को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते प्रारंभ करने एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिला कलेक्टर श्री हसीजा ने आरएनएमएस पोर्टल पर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समाचारों में उठाए गए जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने तथा आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
