ब्रेकिंग

जयपुर सड़क हादसे के पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता मिलेगी – लोकसभा अध्यक्ष मृतक चंद्रप्रकाश के बड़े भाई से फोन पर की बात

585881

जयपुर के अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में राजसमंद जिला निवासी चंद्रप्रकाश और उनके तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत तथा उनकी पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। बुधवार को उन्होंने मृतक चंद्रप्रकाश के बड़े भाई मीठालाल से फोन पर बात कर परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

श्री बिरला ने कहा कि सुबह समाचार पत्रों में यह हृदयविदारक खबर पढ़ने के बाद उन्होंने तुरंत प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों से बात कर घायल महिला के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा भी व्यक्तिगत रूप से पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उपचार से लेकर आजीविका तक हर स्तर पर सहयोग

मृतक के बड़े भाई से बातचीत के दौरान श्री बिरला ने कहा कि पीड़ित परिवार को केवल तत्काल राहत ही नहीं, बल्कि आगे के जीवन के लिए भी पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनसहयोग से परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया जाएगा। साथ ही एक निजी अस्पताल के सहयोग से घायल महिला के खाते में आजीवन प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता भी दी जा रही है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर जनसहयोग से भी परिवार की मदद की जाएगी। श्री बिरला ने कहा कि उपचार या किसी भी अन्य व्यवस्था में कोई परेशानी आए तो परिवार सीधे उनसे संपर्क करे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

परिवार के अन्य बच्चों की भी होगी पूरी चिंता

बातचीत के दौरान श्री बिरला को बताया गया कि चंद्रप्रकाश के परिवार के दो अन्य बच्चे हादसे के समय घर पर थे। इनमें एक बच्चा दिव्यांग है। इस पर उन्होंने दोनों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और उनकी हर संभव सहायता की जाएगी।

“दुःख की इस घड़ी में परिवार अकेला नहीं”

श्री बिरला ने शोक संतप्त परिवार से कहा कि यह ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में पूरा समाज और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उपचार, आवास, आर्थिक सहायता और बच्चों के भविष्य से जुड़ी हर जरूरत का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि राहत और सहायता से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि पीड़ित परिवार को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *