राजसमंद जिले की केलवा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹5000 के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी असगर खान पिछले साल जुलाई से डंपर चोरी के मामले में फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस ने राजस्थान के आधे दर्जन से अधिक जिलों में खाक छानी थी।मामला 17 जुलाई 2025 का है, जब केलवा चौपाटी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास से एक डंपर चोरी हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक राजसमंद द्वारा 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक हेमंत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक के निर्देशन में, थानाधिकारी सुबोध जांगिड़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में सउनि इन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। टीम ने राजसमंद से लेकर भीलवाड़ा, टोंक, जयपुर और अलवर तक आरोपी की तलाश की।
आखिरकार, पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी असगर खान निवासी भिवाड़ी उदयपुर के सुखेर थाने में किसी अन्य मामले में पकड़ा गया है। केलवा पुलिस ने तुरंत न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और आरोपी को केंद्रीय कारागृह उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
