प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्ट्रेट के पास स्थित सर्वाधिक आवाजाही वाले प्रमुख स्थल महाराणा प्रताप उद्यान, राजसमंद में ”12 वर्ष- विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” की थीम पर जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ।
सुबह 11 बजे जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा प्रदर्शनी स्थल पहुंचे और जन-जन तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बैरवा, पीडबल्यूडी एसई आर एल मेहता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह, उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक कल्प वर्मा, पशुपालन विभाग के उप निदेशक पुरुषोत्तम पतकी, पीडबल्यूडी एक्सईएन हीरालाल साल्वी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर श्री हसीजा ने बताया कि प्रदर्शनी में माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों, जनहितकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने आमजन से प्रदर्शनी में सहभागी होने और अवलोकन करने की अपील की है।

पहली बार रात्रि में भी खुली रहेगी प्रदर्शनी:
महाराणा प्रताप उद्यान में रात्रि के समय भी भ्रमण हेतु आने वाले आगंतुकों एवं स्थानीय निवासियों के लिए प्रदर्शनी खुली रहेगी। इसके लिए नगर परिषद की ओर से समुचित बैठने और लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा सके।
प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा इन योजनाओं के लाभों से अवगत कराना है।
