देवगढ़ क्षेत्र के नर दास जी का गुंडा क्षेत्र के नराना गांव में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक सार्वजनिक कुएं के भीतर एक पैंथर को गिरे हुए देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया।

सूचना मिलते ही नर दास जी का गुंडा नाका प्रभारी रेखा मेनारिया अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों और रेस्क्यू टीम को दी गई। कुछ ही देर में रेस्क्यू टीम प्रभारी रेंजर सत्यानंद गरासिया, वनरक्षक अटल सिंह, हेमन्त नागदा और शूटर सुरेंद्र सिंह पूरी तैयारी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम ने कुएं का बारीकी से निरीक्षण किया। पैंथर को बाहर निकालने के लिए जाल का उपयोग किया गया। टीम की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद पैंथर को कुएं से सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। गनीमत रही कि रेस्क्यू के दौरान पैंथर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
रेस्क्यू के बाद पैंथर को राजसमंद ले जाया गया है, जहां पन्नालाल कुमावत और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आने के बाद, उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पैंथर को पुनः प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया जाएगा।
