राजसमंद। जिले में संचालित पंच गौरव कार्यक्रम के तहत पर्यटन विभाग, उदयपुर द्वारा एक जिला एक गंतव्य-कुम्भलगढ़ पर तैयार की गई मिनी बुकलेट एवं प्रचार-प्रसार पोस्टर्स का विमोचन मंगलवार सायं जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने अपने कक्ष में किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, पर्यटन विभाग की संयुक्त निदेशक सुमिता सारोच तथा एसडीएम बृजेश गुप्ता उपस्थित रहे। विमोचन के दौरान तैयार की गई सामग्री में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों एवं स्थानीय विशेषताओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे पर्यटकों को समुचित जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

जिला कलक्टर ने इस अवसर पर पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नवाचारपूर्ण गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि राजसमंद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक जिले की ओर आकर्षित हों। इसके लिए तैयार की गई मिनी बुकलेट एवं पोस्टर्स को विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन को एक प्रमुख पहचान के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन से जुड़े हितधारकों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
