राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत बुधवार को राजसमंद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लवाना में संध्या चौपाल आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
संध्या चौपाल में राजसमंद तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, कुँवारिया तहसीलदार सुंदर कटारा, विकास अधिकारी भवानी शंकर समेत कई उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई और सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सीईओ बैरवा ने कहा कि ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है तथा अभियान के जरिए गांव-गांव में लोगों को योजनाओं, विकास कार्यों और सरकारी उपलब्धियों से अवगत कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला गया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया।
