ब्रेकिंग

माहेश्वरी चौहान ने जीता कांस्य पदक, महिला स्कीट टीम स्पर्धा में मिली सफलता

02_10_2026_RAJSAMAND_PRESS_NOTE_03

केलवा निवासी माहेश्वरी चौहान ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। 

जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह ने बताया कि राजसमंद के केलवा घराने की बहू एवं जालौर जिले के सियाणा गांव की बेटी माहेश्वरी चौहान ने आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी वापसी पर आज स्वागत किया जाएगा।

माहेश्वरी चौहान, राइजा ढिल्लों और परिनाज धालीवाल की भारतीय टीम ने 331 अंकों के संयुक्त स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में चीन ने स्वर्ण तथा कजाकिस्तान ने रजत पदक हासिल किया।

माहेश्वरी चौहान वर्तमान में केलवा स्थित जिला राइफल संघ की शूटिंग रेंज में अभ्यास करती हैं। उनका विवाह राजसमंद के पूर्व सांसद श्री हरिओम सिंह के परिवार में श्री अधिराज सिंह के साथ हुआ है।

जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह ने बताया कि 4 जुलाई 1996 को जालौर जिले के सियाणा गांव में जन्मी माहेश्वरी को निशानेबाजी की प्रेरणा अपने परिवार से मिली। उनके दादा श्री गणपत सिंह एवं पिता श्री प्रदीप सिंह भी राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज रहे हैं। बेटी के प्रशिक्षण के लिए उनके पिता ने गांव में निजी शूटिंग रेंज का निर्माण कराया था। माहेश्वरी ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से अपनी कॉलेज शिक्षा पूरी की।

जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा, जिला राइफल संघ के पदाधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह राठौड़ एवं खेल प्रेमियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके परिवारों तथा जिला राइफल संघ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। माहेश्वरी की उपलब्धि खेलों में आगे बढ़ने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *