ब्रेकिंग

नाथद्वारा जिला चिकित्सालय में नवजात मृत्यु प्रकरण में जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई

655176

श्री गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय, नाथद्वारा में 19 जुलाई 2026 को प्रसूता श्रीमती नैना खराड़ी के गर्भस्थ शिशु की मृत्यु के प्रकरण में जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शाह ने बताया कि चार सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर जवाबदेही निर्धारित करने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि घटना के समय लेबर रूम में रात्रि एवं प्रातःकालीन पारी में कार्यरत नर्सिंगकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लेबर रूम से हटाकर अन्य स्थानों पर कार्यभार सौंपा गया है। साथ ही जनाना प्रभारी के पद पर भी प्रशासनिक परिवर्तन करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त संबंधित चिकित्सक एवं 8 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि चिकित्सालय में उपचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से सभी चिकित्सकों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक रोगी एवं प्रसूता को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) समय के पश्चात ऑन-कॉल आने वाले रोगियों को भी बिना विलंब आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने बताया कि ट्रॉमा सेंटर एवं आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत चिकित्सकों को भी निर्देशित किया गया है कि विभाग अथवा वार्ड से ऑन-कॉल सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए रोगी को उपचार अथवा भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी कार्मिकों को अपने निर्धारित कार्यस्थल पर समय पर उपस्थित रहने, निर्धारित वर्दी धारण करने तथा चिकित्सालय का परिचय-पत्र (आईडी) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि चिकित्सालय प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक रोगी को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रशासन द्वारा जांच प्रक्रिया नियमानुसार जारी है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *