नाथद्वारा शहर में रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार की दर्दनाक मौत के बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रकाश काबरा की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के बाहर रोडवेज बस और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार के बस के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मय एसआई सोहन सिंह सहित पुलिस जवानों की मदद से स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मोर्चरी में रखवाया गया है।

हादसे के बाद पुलिस ने रोडवेज बस और बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बाइक सवार के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज और मोबाइल फोन नहीं मिला, जिसके चलते उसकी शिनाख्त में परेशानी आ रही है।

पुलिस मृतक की पहचान के प्रयासों के साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और टक्कर के पीछे किसकी लापरवाही थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
