राजसमंद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियान को अंजाम दिया है। पुलिस मुख्यालय जयपुर और उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के नेतृत्व में 1 जून को जिले में ‘एरिया डोमिनेशन’ और ‘ए-श्रेणी नाकाबंदी’ का कड़ा चक्रव्यूह रचा गया।

सुबह 4 बजे से ही पुलिस की 56 टीमों ने 218 जवानों के साथ जिले के 253 संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान में कुल 57 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 1 इनामी बदमाश, 47 स्थाई वारंटी और 9 अन्य वांछित आरोपी शामिल हैं। साथ ही, निरोधात्मक कार्रवाई के तहत BNSS की धाराओं में 98 लोगों पर नकेल कसी गई।
कार्रवाई के दौरान लोकल और स्पेशल एक्ट के तहत कुल 16 केस दर्ज कर 11 लोग गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने कांकरोली, नाथद्वारा, भीम, देवगढ़ और दिवेर से 202 पव्वे देशी मदिरा; आमेट और केलवाड़ा से 16 जिलेटिन छड़ें व फ्यूज बत्ती; कांकरोली से अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और खमनौर से ध्वनि प्रदूषण फैलाते 2 टेप रिकॉर्डर जब्त किए।
इसके बाद, दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक चली ‘ए-श्रेणी नाकाबंदी’ में 15 टीमों ने करीब 1 हजार वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 204 वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिसमें 5 ड्रंकन ड्राइविंग, 51 बिना हेलमेट, 32 बिना सीट बेल्ट और 12 काली फिल्म वाली गाड़ियां शामिल रहीं। एसपी हेमंत कलाल ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
