ब्रेकिंग

राजसमन्द सहकारी उपभोक्ता भण्डार की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न वर्ष 2026-27 हेतु 2.11 करोड़ का बजट पारित, सदस्यों को 1% छूट का निर्णय

223038

राजसमन्द सहकारी उपभोक्ता थोक भण्डार लि. राजसमन्द की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन प्रज्ञा भवन में सम्पन्न हुआ। भण्डार के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें संस्था के वर्तमान कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

साधारण सभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2 करोड़ 11 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर भण्डार की वित्तीय स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वर्ष 1992 में पंजीयन के बाद से संस्था निरंतर शुद्ध लाभ में संचालित हो रही है, जो इसकी सुदृढ़ कार्यप्रणाली एवं प्रबंधन क्षमता का प्रमाण है।

वर्ष 2024-25 के दौरान भण्डार द्वारा 10 करोड़ 36 लाख रुपये का व्यवसाय किया गया, जिसे सदस्यों ने सराहनीय उपलब्धि बताया। सभा में सभी सदस्यों द्वारा भण्डार के लाभ-हानि खातों को भी अनुमोदित किया गया।

सभा के दौरान सदस्यों के हितों को प्राथमिकता देते हुए भण्डार के व्यवसाय में सदस्यों को 1 प्रतिशत छूट प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस निर्णय से भण्डार से जुड़े सदस्यों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा तथा संस्था के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।

वर्तमान में भण्डार द्वारा 12 सहकारी दवाघर, 3 डिपार्टमेंटल स्टोर एवं 1 फोटोस्टेट शाखा का संचालन किया जा रहा है, जो आमजन को सुलभ एवं किफायती सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

सभा में भण्डार के विस्तार को ध्यान में रखते हुए 100 फीट रोड पर एक आधुनिक सुपर मार्केट स्थापित करने का निर्णय भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस पहल से भण्डार की सेवाओं का दायरा बढ़ेगा तथा उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विविध वस्तुएं उपलब्ध हो सकेंगी।

सभा की अध्यक्षता श्री पियुष त्रिपाठी एवं उपाध्यक्षता श्री विरेन्द्र सिंह चौहान द्वारा की गई। दोनों पदाधिकारियों ने भण्डार की प्रगति में सदस्यों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

सभा के अंत में सभी सदस्यों ने संस्था की पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी योजनाओं को सफल बनाने का संकल्प लिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *