राजसमंद में राजस्थान सरकार के पूर्व चिकित्सा मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता राजेंद्र राठौड़ एक दिवसीय दौरे पर रहे। एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद राठौड़ राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी के कार्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में जितनी भी भर्तियाँ हुईं, वे सभी दूषित थीं और अब धीरे-धीरे उन घोटालों का सच सामने आ रहा है। राठौड़ ने सीकर को ‘पेपर लीक की राजधानी’ करार देते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए।
सीकर पेपर लीक और पेपर लूट की राजधानी रहा है। वहां किसकी सरपरस्ती थी, यह जगजाहिर है। कांग्रेस के समय की हर नौकरी और परीक्षा संदेह के घेरे में है।
चुनाव परिणामों पर चर्चा करते हुए राठौड़ ने कहा कि जीत और हार सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने शालीनता से अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि एक हार से ठहर जाने वाले लोग ‘बुजदिल’ होते हैं, ‘कर्मयोगी’ नहीं। वे इस हार को स्वीकार कर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि भाजपा की वर्तमान सरकार अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर ‘गांव की चौपाल’ तक पहुंच रही है और जनता को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा।
