ब्रेकिंग

ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित हुए विधिक जागरूकता शिविर

701362

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार संचालित राज्यव्यापी ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों द्वारा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्रीमती अल्का शर्मा (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के मार्गदर्शन में आयोजित शिविरों में अगस्त माह की निर्धारित थीम “शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ : स्वयं अपने रक्षक बनें। अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श : फर्क समझें, सुरक्षित रहें।” पर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रमों में बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल संरक्षण, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति एवं संबंधित संस्थाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला मुख्यालय सहित विभिन्न तालुका मुख्यालयों के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में आयोजित शिविरों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, विधिक सहायता की उपलब्धता, बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों तथा सुरक्षित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या व्यवहार के प्रति सजग रहने तथा आवश्यक होने पर बिना संकोच शिकायत दर्ज कराने का संदेश दिया।

जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविरों में विशिष्ट न्यायाधीश एससी/एसटी प्रकरण श्रीमती अभिलाषा शर्मा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री सुनील कुमार ओझा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति शर्मा तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री मोनिका राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को विधिक साक्षरता, बाल संरक्षण कानूनों एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *