ब्रेकिंग

वीबीजी रामजी में 1.42 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत, रोडवेज ने जारी किए 21 वरिष्ठजन निःशुल्क यात्रा पास

568223

राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को कुंभलगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत जनावद में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन प्रभारी अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कुंभलगढ़ साक्षी पुरी, तहसीलदार गढ़बोर तोलाराम देवासी तथा प्रशासक लक्ष्मण सिंह के सानिध्य में आयोजित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया तथा प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि उपखंड अधिकारी ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय काउंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को लाभार्थियों की सूची नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर भी बल दिया।

शिविर की सबसे भावनात्मक उपलब्धि ग्राम नीमड़ी निवासी श्रीमती सीता पत्नी ओगुलाल प्रजापत रहीं, जो पति द्वारा परित्याग किए जाने के कारण पिछले लगभग 15 वर्षों से कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थीं। आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों के अभाव में उन्हें परित्यक्ता पेंशन का लाभ भी नहीं मिल पा रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर में उपस्थित होने पर मामला उपखंड अधिकारी के संज्ञान में आया। तत्पश्चात प्रशासक एवं पटवारी द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर मौके पर ही परित्यक्ता प्रमाण पत्र जारी किया गया तथा ऑनलाइन आवेदन कर तत्काल परित्यक्ता पेंशन स्वीकृत करते हुए लाभार्थी को पीपीओ प्रदान किया गया। पीपीओ प्राप्त करते समय सीता प्रजापत की आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने राज्य सरकार एवं प्रशासनिक टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

राजस्व विभाग द्वारा खातों के शुद्धिकरण के 12, आपसी सहमति से खातों के विभाजन का 1, राजस्व अभिलेखों की 14 प्रतियां, नामांतरण के 8 तथा सीमाज्ञान के 4 प्रकरणों का शिविर में ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त 11 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन जारी किए गए।

पंचायतीराज विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन के 5, विवाह प्रमाण पत्र के 3 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 5 पात्र व्यक्तियों के व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के आवेदन तथा 14 अन्य प्रकरण स्वीकृत किए गए। वीबीजी रामजी के अंतर्गत 10 नए विकास कार्यों के लिए लगभग 1 करोड़ 42 लाख रुपये के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत किए गए।

कृषि विभाग द्वारा तारबंदी के 3 तथा कृषि यंत्र के 1 आवेदन ऑनलाइन किए गए। किसानों को 10 बीज मिनी किट वितरित की गईं, 10 मृदा नमूनों की जांच की गई तथा 85 किसानों को कृषक जागरूकता साहित्य वितरित किया गया।

शिक्षा विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पालनहार योजना के अंतर्गत 49 विद्यार्थियों के अध्ययन प्रमाण पत्र जारी कर उनका नवीनीकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 12 तथा मुख्यमंत्री मातृ वंदन योजना के 20 आवेदन प्राप्त किए गए। उपखंड अधिकारी द्वारा धारा पालीवाल की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत दीक्षिता पालीवाल के प्रथम पुत्री जन्म पर केक काटकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

आयुर्वेद विभाग द्वारा 23 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पशुपालन विभाग ने 13 रोगग्रस्त पशुओं को दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा 65 पशुओं को कृमिनाशक दवा वितरित की। मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 6 पॉलिसियां भी वितरित की गईं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 213 रोगियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। एनसीडी स्क्रीनिंग के 134, टीकाकरण के 6, रक्तचाप एवं शुगर जांच के 145, टीबी स्क्रीनिंग के 14 तथा एएनसी के 9 प्रकरणों का परीक्षण किया गया। एक पोषण किट का भी वितरण किया गया।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के 21 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा पास जारी किए गए। वन विभाग ने 12 पौधों का वितरण किया। राजीविका के माध्यम से सीता स्वयं सहायता समूह, जनावद का गठन कर 2 लाख रुपये तथा डूंगरजी का गुड्डा स्थित बाबा रामदेव स्वयं सहायता समूह की 5 लाख रुपये की ऋण पत्रावली अनुमोदित कर बैंक को प्रेषित की गई।

शिविर में सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी, नायब तहसीलदार सेवाराम जटिया, ग्राम विकास अधिकारी रोहित कुमार, राजस्व निरीक्षक राकेश मीणा, पटवारी सचिन प्रजापति एवं भरत कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छगनलाल गुर्जर, आयुर्वेद अधिकारी डॉ. देवेंद्र, शिक्षा विभाग से प्राचार्य संजय पालीवाल, चिकित्सा विभाग से डॉ. अखिल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *