ब्रेकिंग

सुरक्षित राजमार्गों हेतु सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन

476526

सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने एवं राजमार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से श्रीनाथजी उदयपुर टोलवे प्रा. लि. एवं भीलवाड़ा राजसमंद टोलवे प्रा. लि. द्वारा राजसमंद पुलिस के संयुक्त सहयोग से आज “सेफ्टी वर्कशॉप फॉर सेफर हाईवेज” का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला में राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, उप पुलिस अधीक्षक शिप्रा राजावत, जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा तथा प्रख्यात न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अमितेन्दु शेखर, प्रोजेक्ट हेड जय नंदन मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान राजमार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी सड़क सुरक्षा उपायों, यातायात नियमों के अनुपालन, प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुति में दुर्घटना संभावित कारणों एवं उनके निवारण के उपायों पर विशेष प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर डॉ. अमितेन्दु शेखर ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मस्तिष्क चोट (ब्रेन इंजरी) के मामलों में प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) तथा घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद के प्रारंभिक “गोल्डन ऑवर” में उचित उपचार एवं प्रबंधन से अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।

कार्यशाला में लगभग 80 पुलिस कर्मियों एवं 50 कंपनी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त राजमार्गों के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन श्रीनाथजी उदयपुर टोलवे प्रा. लि., भीलवाड़ा राजसमंद टोलवे प्रा. लि. एवं राजसमंद पुलिस की सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *