राजसमंद में पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला विशेष टीम (DST) और चारभुजा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्कॉर्पियो कार से 454.385 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 68 लाख रुपये है।

कार्रवाई के दौरान तस्करों ने भागने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी अपनी AK-47 राइफल से दो राउंड फायर किए। अंधेरे का फायदा उठाकर फायरिंग करने वाला एक तस्कर घने जंगलों में भाग गया, जिसकी तलाश जारी है। वहीं, पुलिस ने घेरा डालकर कार ड्राइवर गोविंदपाल (निवासी बाड़मेर) को गिरफ्तार कर लिया है। तस्करों के पास से पहचान छुपाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 3 फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त की गई हैं। चारभुजा पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।”
