राजसमंद जिले में अपराधियों और भगोड़ों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हेमन्त कलाल द्वारा जिले में चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत, आमेट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार पारिक और कुम्भलगढ़ वृताधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के सुपरविजन में, थानाधिकारी ओमसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखते हुए आज इन वांछित अपराधियों को सरगर्मी से तलाश कर दबोच लिया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में:
कैलाश जोशी (निवासी सिरोडी, केलवा), जो NI Act के तहत राजसमंद न्यायालय में वर्ष 2021 से वांछित था।
रमेश नायक (निवासी सेगणवास, आमेट), जो राज्य बनाम रमेश के मामले में काफी समय से फरार चल रहा था।
पकड़े गए दोनों ही स्थाई वारंटियों को पुलिस टीम ने माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से वारंट का निस्तारण कर आगामी विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
