देश में लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसी के विरोध में आज राजसमंद जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर ‘जंगी प्रदर्शन’ किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खमनोर और नाथद्वारा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश देखा गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
ब्लॉक अध्यक्ष केसरसिंह गौड़ और अन्य वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल से लेकर रसोई गैस तक के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह लड़ाई आम जनता के हक की है, क्योंकि महंगाई के बोझ तले गरीब और मध्यम वर्ग पूरी तरह दब चुका है।
इस दौरान पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, पार्षद और सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
