राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत राजसमंद नगर में प्रस्तावित लगभग 104.55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में “आरयूआईडीपी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी के पंचम चरण में प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं एवं जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश बुनकर, अधिशासी अभियंता श्री दिनेश पंचोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता श्री अनिल कुमार सैनी ने संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार करते हुए प्रस्तावित विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
